

बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों और चाकूबाजों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना तोरवा पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल से छूटे छह चाकूबाजों और आदतन अपराधियों को थाने तलब कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की।
कार्रवाई के दौरान रिजवान खान, आदित्य कलसहा, उमेश श्रीवास, सोनू खान, शाहरुख खान और करन बनर्जी को थाना बुलाकर भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने, धारदार हथियार रखने, लोगों में भय का माहौल बनाने अथवा किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तोरवा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधियों और आदतन अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमित चेकिंग, सत्यापन और छापामार कार्रवाई के माध्यम से ऐसे तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
