

बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस ने रेलवे स्टेशन और बुधवारी क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सरेराह धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बिलासपुर रेलवे जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों और नागरिकों की आवाजाही रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए थाना तोरवा पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बुधवारी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग की जा रही है।
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे पेट्रोलिंग टीम रेलवे स्टेशन के बाहर बुधवारी क्षेत्र स्थित एक होटल के पास पहुंची, जहां दो व्यक्ति हाथों में धारदार चाकू लेकर खुलेआम घूमते और लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ श्रीकांत जायसवाल (35 वर्ष), निवासी नयापारा सिरगिट्टी तथा राजकुमार खुटे (34 वर्ष), मूल निवासी मलदा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान निवासी तोरवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
