बिरकोना रोड लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने बिरकोना रोड पर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेदरी रामतला रोड निवासी गौतम पालेकर (30) ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 मई की रात करीब 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। बिरकोना रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के पास चार अज्ञात युवकों ने सड़क के बीच ई-रिक्शा खड़ा कर उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके पास रखे एक हजार रुपये और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

पुलिस ने लिंगियाडीह निवासी सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया था।

मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी सरजू भास्कर के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक सीजी-10-बीजे-6885 और 50 रुपये नकद, जबकि कृष लहरे के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल तथा 150 रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों में सरजू भास्कर (20 वर्ष), कृष लहरे (20 वर्ष), राजकुमार सूर्यवंशी (20 वर्ष) और शाकिर अली (21 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामला अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 309(4) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!