

बिलासपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 90 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पचरीघाट केंवटपारा क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल केंवट (19 वर्ष), निवासी केंवटपारा पचरीघाट को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 90 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 16.200 बल्क लीटर, बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
