

बिलासपुर। कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मोपका बायपास क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम कामनबोड़ निवासी हरमेन्द्र साहू ने 28 मई को थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह बिलासपुर क्षेत्र में हार्वेस्टर मशीन चलाने का कार्य करने आए थे। 27 मई की रात मशीन खराब होने पर वह ग्राम रमतला के खेत में उसकी मरम्मत कर रहे थे। देर रात भोजन लेने के लिए मोटरसाइकिल से ढाबे जा रहे थे, तभी मोपका बायपास मोड़ के पास ग्राम सेंदरी में चार युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर आरोपियों ने लात मारकर उन्हें मोटरसाइकिल सहित गिरा दिया और बेल्ट, हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब से 10 हजार रुपये नगद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का पोको मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घूमने-फिरने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम मुढ़ी निवासी अनिकेत पटेल (19 वर्ष), जयप्रकाश पटेल (19 वर्ष), जयप्रकाश यादव (19 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की राशि में से 1,800 रुपये नगद और लूटा गया पोको मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
