तखतपुर पुलिस ने प्राणघातक हमले के आरोपी को चंद घंटों में दबोचा, हथियार बरामद

बिलासपुर। तखतपुर पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए प्राणघातक हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त धारदार गड़ासा (चापड़) भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 की रात ग्राम भिलौनी स्थित तिरथा प्लांट में यह घटना हुई। प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दिशा मैदान के लिए गया था। इसी दौरान प्लांट परिसर में कुछ लोगों के बीच विवाद की आवाज सुनाई दी। वहां चौकीदारी करने वाला शेखर सोनकर उर्फ शेखर खटिक (19 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा देवांगन चाल, चांटीडीह, सरकंडा, हाथ में लोहे का धारदार गड़ासा लेकर पहुंचा और सरूप यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना पर तखतपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार ठिकाने बदल रहा है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, प्रधान आरक्षक सनत पटेल तथा आरक्षक नरेश निराला, सत्यार्थ शर्मा, हरिश यादव, राजकुमार श्याम, त्रिलोक सिंह और संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!