

बिलासपुर। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.744 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है, जिसके चलते एनडीपीएस एक्ट के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सरकंडा को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नाबालिग बच्चों के माध्यम से चांटीडीह क्षेत्र में गांजे की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर ड्रोन कैमरे से क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध स्थानों को चिन्हित किया गया।
इसी दौरान 1 जून 2026 की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चिंगराजपारा स्थित कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा बेचने और खपाने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुश यादव उर्फ पप्पू यादव (25) निवासी चिंगराजपारा कुंदरू बाड़ी तथा दीपक साहू (18) निवासी चिंगराजपारा विश्वकर्मा चौक शामिल हैं। इनके अलावा पांच नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात पैकेट में रखा कुल 6.744 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.35 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे सक्रिय मुख्य तस्कर कौन हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
