

बिलासपुर, 1 जून। चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बेलटुकरी से 95 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 19 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेलटुकरी में दो लोग भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी शत्रुहन उर्फ भूरू वर्मा (23 वर्ष) तथा लता बाई वर्मा (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
आरोपी शत्रुहन वर्मा के कब्जे से 43 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 8,600 रुपये बताई गई है। वहीं लता बाई वर्मा के पास से 52 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 10,400 रुपये आंकी गई है। दोनों मामलों में कुल 95 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
