

बिलासपुर, 1 जून। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर उसकी पुत्री से विवाह करने की बात को लेकर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। फरार होने की कोशिश के दौरान आरोपी स्वयं गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 1 जून को मोहितदास मानिकपुरी पर शाहिल मरावी पिता विजय मरावी ने उनकी पुत्री से विवाह करने की बात को लेकर चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मामले की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर शाहिल मरावी भागने लगा, लेकिन भागने के दौरान वह स्वयं गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। वैसे बिलासपुर पुलिस की तारीफ करनी होगी कि वे अब उत्तर प्रदेश पुलिस की राह पर है और अदालत के न्याय करने से पहले ही वे आरोपी को प्राकृतिक न्याय दिलाने में कामयाब हो रहे हैं , जिससे जनता में खुशी है।
पुलिस ने घायल आरोपी को अभिरक्षा में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के संबंध में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
