आरसीबी की जीत का जश्न बना खूनी विवाद, युवक पर धारदार हथियार से हमला; 3 आरोपी व एक नाबालिग हिरासत में

बिलासपुर, 1 जून। चकरभाठा क्षेत्र में आईपीएल में आरसीबी की जीत का जश्न मनाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिंधी मरघट के पास एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में चकरभाठा पुलिस ने तीन आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार विकास नगर चकरभाठा निवासी रहीम उर्फ छोटू खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मई की रात उसका भाई शादाब खान अपने साथियों के साथ आशा विहार के पास आरसीबी की जीत का जश्न मनाते हुए पटाखे फोड़ रहा था। रहीम उसे जल्द घर आने की बात कहकर लौट आया था।

अगली सुबह मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि शादाब खान आशा विहार कॉलोनी के सीसी रोड पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उसके गले में गंभीर चोट के निशान मिले तथा नाक और कान से भी खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आदर्श साहू (19), चंद्र प्रकाश पाठक (20), राजा सारथी (25) तथा एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने फरार आरोपी आशु पटेल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी आशु पटेल सहित अन्य संलिप्त लोगों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!