एकतरफा प्यार में मासूम की बेरहमी से हत्या, शादी से इनकार का बदला डेढ़ साल के बच्चे से लिया, योगी की पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने की खौफनाक कीमत एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे की जान लेकर चुकाई। आरोपी ने महिला पर विवाह का दबाव बनाया था, लेकिन उसके इनकार से नाराज होकर उसने महिला के बेटे की निर्मम हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक का अपने ही रिश्ते की एक महिला रति पर बुरी नजर थी। महिला रिश्ते में उसकी भाभी लगती है। महिला के पति के साथ न रहने की स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। हालांकि महिला ने उसके प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। इसी बात से आरोपी मन ही मन रंजिश पाल बैठा और उसने बदला लेने की साजिश रच डाली।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी मासूम आरव को टॉफी दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बच्चे को एक सुनसान गली में ले गया, जहां उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने डेढ़ साल के मासूम को कई बार जमीन पर पटक दिया। बताया जा रहा है कि उसने करीब आठ बार बच्चे को जोर-जोर से जमीन पर पटका, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी बच्चे के शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में आरोपी बच्चे को लेकर जाते और वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और बढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और शनिवार शाम आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं, मासूम आरव की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि आरोपी को उसके जघन्य अपराध के लिए कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!