घर खाली करने के दबाव और धमकियों से परेशान व्यक्ति ने खाया जहर, मौत के बाद पड़ोसी गिरफ्तार

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में घर और जमीन खाली करने के लिए लगातार दबाव, गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों से परेशान होकर जहर सेवन करने वाले व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम फरहदा बजरंग चौक निवासी परमेश्वरी पटेल ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह और उसका परिवार कई वर्षों से शासकीय भूमि पर बने मकान में रह रहे हैं। पड़ोस में रहने वाले बलराम यादव ने एक बुजुर्ग महिला को साथ लाकर दावा किया कि जिस जमीन पर उनका मकान बना है वह महिला की है और उन्हें घर खाली कर वहां से चले जाना चाहिए।

आरोप है कि बलराम यादव ने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर परमेश्वरी पटेल के पति कनक पटेल ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उपचार के दौरान 30 मई को कनक पटेल की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बलराम यादव कथित रूप से लंबे समय से घर और जमीन खाली कराने को लेकर मृतक को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसके बाद प्रकरण में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा 108 बीएनएस जोड़ी गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी बलराम यादव (39) निवासी फरहदा चौक को गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!