
शशि मिश्रा
बिलासपुर। बेटी की शादी के लिए नई अंगूठी बनवाने के नाम पर ग्राहक से 1 लाख 70 हजार रुपये और पुरानी सोने की अंगूठी लेने के बाद न तो नई अंगूठी बनाई और न ही रकम व पुराना सोना लौटाया। मामले में कोतवाली पुलिस ने सराफा व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर के अनुसार, सकरी क्षेत्र के भरनी निवासी रमेश कुमार वस्त्रकार (57) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने 7 अक्टूबर 2024 को अपनी बेटी की शादी के लिए गोलबाजार स्थित श्रेया ज्वेलर्स के संचालक शेष सोनी को नई अंगूठी तैयार करने के लिए 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और अपनी पुरानी सोने की अंगूठी दी थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि तय समय बीत जाने के बाद जब उन्होंने दुकान पहुंचकर अंगूठी की मांग की तो व्यापारी अतिरिक्त रकम मांगने लगा। इस पर रमेश वस्त्रकार ने अपनी जमा राशि और पुरानी अंगूठी वापस करने को कहा, लेकिन आरोपी ने लौटाने से इनकार कर दिया। बाद में वह दुकान बंद कर गायब हो गया।
पीड़ित ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी द्वारा अन्य ग्राहकों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने श्रेया ज्वेलर्स के संचालक शेष सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
