नंदन विहार में दिनदहाड़े चोरी, तिजोरी काटकर जेवरात और नकदी ले उड़े

बिलासपुर। शहर के पॉश मिनोचा कॉलोनी से सटे नंदन विहार क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर सूने मकान का ताला तोड़कर घर में घुसा और अलमारी में रखी तिजोरी को कटर से काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के समय परिवार धार्मिक यात्रा पर गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, नंदन विहार स्थित ग्रीन गार्डन के सामने रहने वाले आर्किटेक्ट निर्मल अग्रवाल की बेटी कीर्ति अग्रवाल का मकान बंद था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे निर्मल अग्रवाल ने घर की सफाई करवाने के बाद ताला लगाकर मकान बंद कर दिया था। शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी नौकर के साथ पौधों में पानी डालने पहुंचीं, जहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और दरवाजा अंदर से बंद था।

सूचना मिलने पर निर्मल अग्रवाल मौके पर पहुंचे और सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा था और पलंग पर रखी तिजोरी कटी हुई मिली। तिजोरी से सोने का मंगलसूत्र, 100-100 ग्राम के दो चांदी के सिक्के, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य जेवरात और नकदी गायब थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोपहर करीब 2:20 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करता दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!