नाबालिग बालिकाओं से अश्लील छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बालिकाओं से छेड़छाड़ करने, अभद्र टिप्पणियां करने और अशोभनीय व्यवहार के जरिए उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 29 मई को एक पीड़िता ने थाना तोरवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोहल्ले में रहने वाला संदीप जगत आए दिन उसे और अन्य बालिकाओं को देखकर अशोभनीय टिप्पणियां करता था तथा अभद्र व्यवहार कर उन्हें परेशान करता था। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन गया था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 79, 75(आई)(ii), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप जगत (27 वर्ष) निवासी अटल आवास, देवरीखुर्द को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियां करने और अशोभनीय व्यवहार करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!