सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन का खतरनाक ट्रेंड, चाकू से केक कटिंग और आतिशबाजी के वीडियो वायरल

शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर में सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने का खतरनाक चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। ट्रैफिक नियमों और कानून की अनदेखी करते हुए युवा खुलेआम सड़क पर केक काटने, आतिशबाजी करने और स्टंटबाजी करते नजर आ रहे हैं। पिछले पांच दिनों में ऐसे छह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शुक्रवार को भी दो अलग-अलग वीडियो वायरल हुए। पहले वीडियो में कोटा थाना क्षेत्र के चार युवक बटन चाकू से केक काटते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो को कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें सड़क पर आतिशबाजी करते हुए कार के बोनट और टेबल पर केक काटकर जन्मदिन मनाया जा रहा है। वीडियो में युवकों की भीड़ सड़क पर कब्जा जमाए नजर आ रही है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों वीडियो करीब एक माह पुराने हैं। कोतवाली पुलिस ने वीडियो की पहचान कर संबंधित युवकों के घर दबिश दी, लेकिन वे मौके से फरार मिले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

एनएच पर स्टंट और बर्थडे पार्टी, युवक-युवती पर कार्रवाई

इधर कोनी पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो के आधार पर कार्रवाई की है। वीडियो में कुदुदंड निवासी अरविंद सैनी (31) अपनी महिला मित्र के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बर्थडे सेलिब्रेशन करता दिखाई दिया। आरोप है कि स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 10 बीपी 3926) को तेज रफ्तार में चलाते हुए सड़क पर स्टंट किया गया और चलते वाहन की छत पर केक काटा गया।

पुलिस ने वाहन जब्त कर युवक और युवती के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या युवाओं में कानून का भय कम हो रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर चाकू से केक काटना, सड़क पर आतिशबाजी करना और वाहनों पर स्टंट करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे सभी वीडियो की निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं नागरिकों ने भी सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के आयोजनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!