ग्राम धौराकोना में सीपत पुलिस की रेड, 210 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

बिलासपुर। चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम धौराकोना में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने और बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 29 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सीपत पुलिस ने ग्राम धौराकोना में ग्रामीणों की वेशभूषा में दबिश दी। पुलिस ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई की, जिससे आरोपियों को पुलिस के पहुंचने की भनक तक नहीं लगी।

रेड के दौरान पुलिस ने आरोपियों को मौके पर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंचराम धनुहार (45 वर्ष) और बहोरन सिंह धनुहार (30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम धौराकोना थाना सीपत, के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर कच्ची महुआ शराब, चार बड़े एलुमिनियम के डेचके तथा पाइप लगे दो कोपरा जब्त किए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 67 हजार रुपए बताई गई है।

आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सीपत पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!