

बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई विनोद लोमदा 18 मई 2026 को अपनी पत्नी पूनम लोमदा के साथ राउरकेला पैसा लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। 20 मई को पूनम वापस घर लौटी और बताया कि विनोद राउरकेला में काम करने रुक गया है। पूछताछ के दौरान पूनम ने खुलासा किया कि उसने अपने प्रेमी सुगड टोप्पनो और उसके साथियों के साथ मिलकर विनोद लोमदा की हत्या कर दी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विनोद लोमदा को पैसे दिलाने का झांसा देकर झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी के किनारे ले गए। वहां 19 मई की सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच गमछे से गला घोंटकर और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी किनारे पानी भरे कीचड़ में फेंक दिया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी पूनम लोमदा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था, जबकि उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड रवाना किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुगड टोप्पनो (27 वर्ष), निवासी रंगामाटी, थाना अनंतपुर, जिला रांची (झारखंड) को हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
