सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली सफलता

बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। मामले में चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सोनार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी 13 मई 2026 को अपनी सास की तबीयत खराब होने पर पत्नी के साथ मकान में ताला लगाकर राजिम चला गया था। 19 मई की शाम मोहल्ले वालों ने सूचना दी कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह तत्काल वापस लौटा और घर पहुंचकर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था तथा अलमारी में रखे सोना-चांदी के जेवर गायब थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विशाल अग्रवाल (33 वर्ष), निवासी श्याम परिसर यदुनंदन नगर तिफरा को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से लगभग 1.50 लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवर बरामद किए गए।

विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी के कुछ जेवर सरकण्डा निवासी सोनार राजेश सोनी को बेचे थे। इसके बाद पुलिस ने राजेश सोनी के कब्जे से सोने के कान के टॉप्स, मांग टीका और अंगूठी जप्त की है।

पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!