नौतपा में गर्मी बरकरार, लगातार दूसरे दिन 43.6 डिग्री पहुंचा तापमान, रात में बूंदाबांदी से मिली राहत, आज आंधी-बारिश के आसार

बिलासपुर। नौतपा के दौरान शहर में भीषण गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 26 मई को तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। गुरुवार रात करीब 10.30 बजे हुई हल्की बूंदाबांदी से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

गुरुवार को दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन इसका तापमान पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। सुबह के समय हवा में 46 प्रतिशत तक नमी दर्ज होने से उमस और अधिक महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी झारखंड और उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके प्रभाव से बिलासपुर सहित आसपास के जिलों में शुक्रवार को आंशिक बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने तथा तेज आंधी चलने की संभावना है।

50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

मौसम वैज्ञानिकों ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम में इस बदलाव के बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। इससे बिलासपुरवासियों को नौतपा की भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!