युवाओं, खासकर लड़कियों द्वारा वायरल वीडियो की होड़ में यातायात कानून की उड़ाई जा रही धज्जियां बनी चिंता का सबब

शशि मिश्रा

बिलासपुर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ अब कानून और यातायात नियमों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। शहर में लगातार सामने आ रहे रीलबाजी और स्टंट के वीडियो लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई के बावजूद युवाओं में नियमों का डर दिखाई नहीं दे रहा है।

दो दिन पहले चलती कार की छत पर खड़े होकर रील बनाती एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने संबंधित वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की। लेकिन इस कार्रवाई का असर ज्यादा दिन नहीं दिखा।

अब एक और नया वीडियो सामने आया है, जिसमें देर रात मुख्य सड़क पर जन्मदिन मनाते हुए युवती और उसके साथी सड़क के बीचों-बीच केक काटते, आतिशबाजी करते और रील शूट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के व्यस्त इलाके का है, जहां देर रात ट्रैफिक कम होने का फायदा उठाकर पूरी रील शूट की गई।

लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो कई बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर कार्रवाई के बाद भी लोगों में कानून का डर क्यों नहीं है? सोशल मीडिया पर लाइक, फॉलोअर्स और व्यूज पाने की चाह में कुछ लोग सार्वजनिक सड़कों को ही मनोरंजन और शूटिंग स्पॉट बना रहे हैं।

इस तरह की हरकतें सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि गंभीर हादसों को न्योता भी हैं। सड़क पर स्टंट, हुड़दंग और आतिशबाजी से न केवल रील बनाने वालों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

गौरतलब है कि प्रशासन और पुलिस द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद लगातार वायरल हो रहे वीडियो यह दिखा रहे हैं कि सोशल मीडिया क्रेज अब जिम्मेदारी पर भारी पड़ता जा रहा है।

अब शहरवासियों की नजर पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में लगातार सख्ती नहीं दिखाई गई, तो आने वाले दिनों में सड़कें स्टंट और रीलबाजी का अड्डा बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!