निराला नगर में ओयो होटल की आड़ में देह व्यापार संचालित करने का आरोप, बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

शशि मिश्रा

आजकल नियम विरुद्ध गली- मोहल्ले में कुकुरमुत्तो की तरह ओयो होटल उभर आए हैं। बताया जाता है कि अक्सर आवासीय अनुमति लेकर घर को ही ओयो में परिवर्तित कर दिया जाता है। उससे भी बड़ी समस्या यह है कि यहां अवैध गतिविधियां संचालित होती है, जिससे पूरा परिवेश खराब होता है। इस तरह की शिकायतें पहले भी बिलासपुर में आ चुकी है।

इस बार ऐसी ही शिकायत बिलासपुर शहर के बीचो-बीच पुराना बस स्टैंड निराला नगर से आई है, जहां काफी दिनों से शर्मा गेस्ट हाउस, रामेश्वरम एवं बिलास होम्स के नाम से तीन मकानो में ओयो होटल का संचालन किया जा रहा है, जिससे आसपास के रहने वाले लोग काफी परेशान है।

इन्हीं लोगों ने एसपी से शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां रहने वाले विकास शर्मा और टीना शर्मा द्वारा ओयो होटल के नाम पर कथित रूप से देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। यहां नाबालिक युवक युवतियों को कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर स्कूल यूनिफॉर्म में भी लड़कियां दोपहर को कुछ घंटे के लिए यहां अपने बॉयफ्रेंड या ग्राहकों के साथ आकर समय बिताती है। इतना ही नहीं आरोप तो यह भी है कि यहां पहुंचने वाली लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी किया जाता है, साथ ही आरोप है कि यह ठिकाना देह व्यापार का अड्डा बन चुका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बहाने यहां ह्यूमन ट्रैफिकिंग की जा रही है क्योंकि अक्सर बड़ी उम्र के पुरुषों के साथ छोटी-छोटी नाबालिक लड़कियों को यहां आते-जाते मोहल्ले वासी देखते हैं। सिर्फ देह व्यापार ही नहीं यहां अक्सर कई संदेहास्पद लोग भी ठहरते हैं, जिनकी मुसाफिरी पुलिस को नहीं दर्ज कराई जाती। ऐसे लोग कभी भी किसी बड़ी आतंकवादी घटना को अंजाम दे सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में जारी इस तरह की गतिविधियों से पूरा परिवेश खराब हो रहा है और महिलाओं एवं युवा लड़कियों को गलियों से गुजरना मुश्किल होता जा रहा है।

ऐसा भी नहीं है कि इन लोगों ने विरोध नहीं किया । मोहल्ले वालों ने कई बार ओयो होटल संचालक का विरोध किया है लेकिन शर्मा परिवार में वकील सदस्य के होने और स्वयं को कथित मीडिया कर्मी बता कर भी लोगों को धमकी दी जाती हैं।

बिलासपुर एसपी से शिकायत करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि ओयो होटल की आड़ में तमाम अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है लेकिन परिवार में वकील होने का धौंस दिखाकर सारे विरोध को ठेका दिखाया जा रहा है। स्थानीय लोगों को कहना है कि इस गतिविधियों के चलते जहां बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। हर वक्त बाहरी और संदिग्ध लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे मोहल्ले में रहना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले की संकरी गलियों में जाहिर तौर पर नगर निगम ने होटल या लॉज बनाने की अनुमति नहीं दी होगी। ऐसे में आवासीय अनुमति लेकर होटल और लॉज का संचालन किया जा रहा है, जो पूरी तरह से अवैध है इसलिए कानूनी कार्यवाही के साथ नगर निगम से भी मांग की गई है कि वे वास्तविकता का पता लगाकर इस अवैध निर्माण को जमीनदोज करें या फिर सील कर दे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने एसएसपी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

वैसे यह पहला मौका नहीं है, जब इस तरह की शिकायत सामने आई है। इससे पहले भी कई गलियों में इसी तरह से अवैध ओयो होटल संचालित होने की बात सामने आई थी, जहां घंटे के हिसाब से कम कीमत पर अश्लील गतिविधियों के लिए कमरा उपलब्ध कराए जाते हैं, जहां या तो देह व्यापार संचालित होता है या फिर कम उम्र के लड़के लड़कियां आकर शारीरिक संबंध बनाते हैं। अगर पूरे मामले की जांच की गई तो संभव है कि बड़ा खुलासा हो। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस इस मामले पर क्या कार्यवाही करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!