तोरवा पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान, लोगों को डिजिटल ठगी से बचने के बताए उपाय

बिलासपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से के निर्देशन में थाना तोरवा पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने बीट मीटिंग आयोजित कर आम नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में बीट प्रणाली को मजबूत बनाने तथा आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोरवा निरीक्षक रजनीश सिंह एवं पुलिस स्टाफ द्वारा 26 मई 2026 को साईधाम कॉलोनी क्षेत्र में “साइबर पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, व्हाट्सएप कॉल, फर्जी बैंक अधिकारी, निवेश योजनाओं, केवाईसी अपडेट और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। पुलिस ने नागरिकों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी।

इसके अलावा “डिजिटल अरेस्ट” जैसे मामलों से सावधान रहने तथा परिवार के सदस्य के संकट में होने की झूठी सूचना मिलने पर पहले उसकी पुष्टि करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने और मजबूत पासवर्ड उपयोग करने की भी सलाह दी।

तोरवा पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही नजदीकी थाना या साइबर थाना में संपर्क करने की अपील भी की गई।

बीट मीटिंग के दौरान स्थानीय नागरिकों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। पुलिस ने कहा कि थाना क्षेत्र के विभिन्न बीटों में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि लोग सतर्क रहकर साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!