ढाबे में चल रहा था डीजल चोरी का खेल, ढाबा संचालक और टैंकर चालक गिरफ्तार, 950 लीटर डीजल, दो टैंकर और स्कॉर्पियो जब्त

संवाददाता / सौरभ साहू
प्रतापपुर, सूरजपुर | 24 मई 2026

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के डीजल की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 950 लीटर डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो समेत अन्य सामान जब्त किया है। मामले में एक अन्य टैंकर चालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 22 मई की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में टैंकर से डीजल चोरी कर अवैध रूप से निकाला जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच में पता चला कि टैंकर क्रमांक डब्ल्यूबी 78-5226 और एनएल 06 ए 9129 मुगलसराय से उड़ीसा के लिए 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर निकले थे। आरोपियों द्वारा टैंकर का लॉक नोजल काटकर पाइप की मदद से डीजल निकाला जा रहा था।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 950 लीटर डीजल, चार बड़े ड्रम, कई प्लास्टिक जरिकेन, पाइप, कटिंग मशीन, माप उपकरण, दो टैंकर और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया। जब्त डीजल की कीमत करीब 93 हजार 100 रुपए बताई गई है।

पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 316(3), 316(5) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी सलमान की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!