

के सरकंडा क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शनिवार सुबह निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेपाली मोहल्ला के करीब 10 घरों में जाकर नलों से निकल रहे पानी की जांच की। निरीक्षण के दौरान सुबह की सप्लाई में गंदा पानी मिलने पर उन्होंने मौके से ही जल शाखा प्रभारी अनुपम तिवारी को अलग-अलग टीम बनाकर फाल्ट तलाशने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने कमिश्नर को बताया कि सुबह पानी सप्लाई शुरू होने के बाद करीब 10 से 15 मिनट तक गंदा और बदबूदार पानी आता है, जिसके बाद धीरे-धीरे पानी साफ होने लगता है। लोगों ने जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

कमिश्नर के निर्देश के बाद नगर निगम की दो टीमें दो जेसीबी मशीनों के साथ सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर खुदाई कर लीकेज की तलाश करती रहीं। करीब 7 घंटे तक चली जांच के दौरान सात से अधिक जगहों पर पाइप लाइन की खुदाई कर परीक्षण किया गया। निगम ने नेपाली मोहल्ला की एक लाइन बंद कर दूसरी लाइन से जोड़कर ट्रायल भी किया, ताकि गंदे पानी की वजह का पता लगाया जा सके।
जांच टीमों में छह-छह कर्मचारियों को लगाया गया था। टीम ने नेपाली मोहल्ला, मेन रोड, ग्लैमरस ब्यूटी पार्लर के पीछे और अग्रवाल किराना स्टोर के पास पाइप लाइन की स्थिति की जांच की। अधिकारियों ने कई स्थानों पर लीकेज और पाइप जोड़ की स्थिति भी देखी।

बताया जा रहा है कि वार्ड 60 और 62 के करीब 150 घरों में पिछले कई दिनों से गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। शनिवार सुबह भी लोगों को गंदा पानी मिला, जबकि शाम की सप्लाई अपेक्षाकृत साफ रही।
पूर्व पार्षद राजेश शुक्ला ने कहा कि केवल पाइप लाइन की खुदाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त खजांची कुम्हारी, पूर्व पार्षद राजेश शुक्ला और एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार भी मौजूद रहे।
