

बिलासपुर। द्वारा सनातन धर्म और हिंदू धर्म को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयानों के विरोध में बिलासपुर में सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2023 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना जैसी बीमारियों से करते हुए इसे समाप्त करने की बात कही थी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा में भी उन्होंने इसी प्रकार की टिप्पणियां दोहराईं।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस बयान से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य व तनाव फैलने की आशंका पैदा हुई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी धर्म विशेष की आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 353(2) सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पूर्ववर्ती IPC की धारा 153A, 295A और 505(2) के समतुल्य प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल FIR दर्ज कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
