
शशि मिश्रा

आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों को पकड़ा है, जिनके पास से सात लाख रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया गया है। आरोपी गांजा को बैग की बजाए अपने शरीर में बांधकर रखे हुए थे, जो ओडिशा से गांजा अमरावती लेकर जा रहे थे। इसकी जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
शुक्रवार की देर रात बिलासपुर आरपीएफ गुप्तचर शाखा पोस्ट को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन यात्री हावड़ा से मुम्बई की ओर जाने वाली गीतांजली एक्सप्रेस में ओडिशा से अमरावती की ओर गांजा लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद देर रात आरपीएफ और जीआरपी की टीम स्टेशन में अलर्ट हो गई। वहीं गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों को भी पुलिस के आने की सूचना मिल गई, जिसके कारण
आरोपी अमरावती स्टेशन के बजाय बिलासपुर रेलवे स्टेशन में उतरकर इधर-उधर छिप गए। देर रात 12.35 बजे के बाद गीतांजली एक्सप्रेस प्लेटफार्म नम्बर 3 पर पहुंची, जिसके पहुंचते ही टीम ने सारे कोच की जांच शुरु कर दी। इस दौरान तीन व्यक्तियों को संदिग्ध हालत में भागते हुए देखा गया। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़कर जांच की, जो अपने-अपने शरीर में गांजा को बांधकर ले जा रहे थे। पूछताछ में आरोपी नागपुरी गेट जिला अमरावती निवासी आमिर पठान, शेख आवेश, सलमान शाहा ने गांजा को अमरावती ले जाने की जानकारी दी। आरोपियों के पास से 7 लाख 5 हजार रुपए का 14 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त करने के बाद आरपीएफ ने जीआरपी के सुपुर्द कर दिया है। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 20 बी के तहत कार्रवाई करने के उपरांत न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
