
बिलासपुर। मल्हार चौकी क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के दौरान परिजनों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी ने पकड़े जाने के डर से जहर पी लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मल्हार चौकी क्षेत्र की 26 वर्षीय महिला की शादी 26 अप्रैल को हुई थी। घटना 11 मई की रात करीब 12:30 बजे की है, जब विवाहिता घर के पीछे स्थित बाड़ी में गई हुई थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे ग्राम बरतोरी निवासी रामकुमार यादव ने उसे पकड़ लिया और छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
महिला के शोर मचाने पर उसका पति, सास-ससुर और जेठ बाड़ी की ओर दौड़े। परिजनों को अपनी ओर आते देख आरोपी घबरा गया और जेब में रखी जहर की शीशी निकालकर पी ली। जहर पीते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के जेठ ने गांव के सरपंच, कोटवार और अन्य ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि 13 मई को ग्राम मोहतरा में सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में आरोपी रामकुमार ने 14 मई को पीड़िता और उसके परिवार से लिखित माफी मांगने की बात कही थी, लेकिन तय समय पर गांव नहीं पहुंचा। इससे नाराज पीड़िता ने मल्हार चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
