
शशि मिश्रा
बिलासपुर। केंद्रीय चिकित्सालय, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में नवनिर्मित एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रिनोवेटेड किचन कॉम्प्लेक्स तथा ओपीडी कॉम्प्लेक्स के नवीन पंजीकरण-स्वागत कक्ष का उद्घाटन सेक्रो अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करना रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास से न केवल मरीजों को बेहतर उपचार वातावरण मिलेगा, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनेगी। नवनिर्मित रसोई परिसर में आधुनिक उपकरणों, स्वच्छता मानकों तथा सुरक्षित खाद्य प्रबंधन व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है। इससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसी प्रकार, ओपीडी कॉम्प्लेक्स में स्थापित नवीन पंजीकरण/स्वागत कक्ष के प्रारंभ होने से मरीजों को पंजीकरण, मार्गदर्शन एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में अधिक सुविधा होगी। इससे ओपीडी सेवाओं में सुव्यवस्था एवं कार्यकुशलता भी बढ़ेगी तथा मरीजों की प्रतीक्षा अवधि में कमी आएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
