
Central Board of Secondary Education ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जिसमें बिलासपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी संकाय में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। जिले के 55 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
शहर के खमतराई स्थित शिवम विहार निवासी श्रेयांश खाखा ने विज्ञान संकाय में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बिलासपुर में शीर्ष स्थान हासिल किया। श्रेयांश ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और विषयों की गहराई से समझ को दिया। उन्होंने बताया कि वे आगे चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और नीट परीक्षा की तैयारी करेंगे। श्रेयांश के पिता डॉ. जार्ज खाखा और माता डॉ. केशकिला खाखा हैं।
विज्ञान संकाय में ही राया खान ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। देवरीखुर्द कृष्ण नगर निवासी राया ने बिना किसी कोचिंग के प्रतिदिन करीब पांच घंटे सेल्फ स्टडी कर यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने नोट्स, सैंपल पेपर और पुराने प्रश्न पत्रों की मदद से तैयारी की। राया आगे साइकोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।
मानविकी संकाय में अनुषा एक्का ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि श्रृष्टि पांडेय ने 96.8 प्रतिशत अंक अर्जित किए। श्रृष्टि ने बताया कि उन्होंने रोजाना 6 से 8 घंटे अध्ययन किया और मोबाइल का सीमित उपयोग करते हुए सेल्फ स्टडी एवं नोट्स बनाने पर ध्यान दिया। वे भविष्य में लॉ की पढ़ाई कर यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हैं।
वाणिज्य संकाय में नताशा धमेचा ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं लक्ष्य चौहान ने 96.2 प्रतिशत और शिविका शुक्ला ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा ईवा ओसीन मसीह ने 96.6 प्रतिशत, अर्चिता रमानी और विजय कुमार मरकाम ने 95.6 प्रतिशत, तथा रविशंकर पांडेय ने 95.4 प्रतिशत अंक हासिल किए।
अन्य मेधावी विद्यार्थियों में नंदिता राठौर और विपुल सोनी ने 94.8 प्रतिशत, रोहित मटलानी ने 94.6 प्रतिशत, अनुष्का साहू ने 94.4 प्रतिशत तथा अनिसा साहू, कृष्णा सलूजा और कृष सलूजा ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। दीपक देशकर, अथर्व तिवारी और अमर अग्रवाल ने 94 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया। सुयशी अग्रवाल और सायली डहाके ने 93.8 प्रतिशत, श्रुति गुप्ता ने 93.5 प्रतिशत, सर्वस्व श्रीवास्तव और देव प्रताप सिंह ने 93.2 प्रतिशत तथा आयान अग्रवाल और मान्य मिश्रा ने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए।
सांई विहार कॉलोनी निवासी सायली डहाके ने ए-1 ग्रेड के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने साइकोलॉजी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा हिंदी कोर में 99 और इंग्लिश कोर में 98 अंक हासिल किए। सायली ने बताया कि उन्होंने सेल्फ स्टडी और नियमित रिवीजन को अपनी सफलता का आधार बनाया। वे भविष्य में मनोवैज्ञानिक बनना चाहती हैं।
प्रदेश स्तर पर छत्तीसगढ़ का कुल परिणाम 80.88 प्रतिशत दर्ज किया गया। छात्राओं का परिणाम 82.44 प्रतिशत और छात्रों का 79.44 प्रतिशत रहा। प्रदेशभर से 33,987 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। अधिकांश विद्यार्थियों ने सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, कॉन्सेप्ट क्लियर करने, नोट्स तैयार करने और पुराने प्रश्न पत्र हल करने को दिया। तनाव कम करने के लिए कई विद्यार्थियों ने संगीत, क्रिकेट, बैडमिंटन, घूमना और कविता लेखन जैसी गतिविधियों को अपनाने की बात कही।
