सूने मकानों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार का सामान बरामद


बिलासपुर। बिल्हा पुलिस को चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के घरेलू सामान बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी और नकबजनी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पत्थरखानभाठा निवासी 26 वर्षीय रजत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आशीष यादव के साथ मिलकर 8 मई 2026 को पत्थरखान क्षेत्र के एक सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने घर से टीवी, फ्रिज, कूलर, गैस सिलेंडर, अन्य घरेलू सामान तथा 5 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी रजत यादव के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!