

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोपका स्थित एक ढाबे से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। मामले में ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में अवैध नशीले पदार्थों और शराब बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 मई 2026 की रात थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छठघाट रोड, मोपका स्थित “जायसवाल ढाबा” में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर लोगों को शराब पिलाई जा रही है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ढाबे की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ढाबा संचालक रवि शंकर उर्फ रवि जायसवाल (35 वर्ष), निवासी सिरगिट्टी, बिलासपुर को मौके से हिरासत में लिया।
ढाबे की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सफेद बोरी में रखे 50 पाव देशी प्लेन शराब, लाल रंग की आइस पेटी में रखी 10 नग सिम्बु कंपनी की बियर, एक नग बडवाइजर बियर तथा सिग्नेचर कंपनी की अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब पिलाने में इस्तेमाल किए जा रहे चार प्लास्टिक डिस्पोजल और खुली हुई शराब की बोतलें भी जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 36(सी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आसपास चल रही किसी भी अवैध गतिविधि या नशे के कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
