
शशि मिश्रा
नगर निगम की एमआईसी की बैठक में जमकर हंगामा हुआ और लगभग सभी अधिकारी महापौर श्रीमती पूजा विधानी के टारगेट पर रहे। खास तौर पर उपायुक्त व जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप को जमकर फटकार लगाई गई। महापौर ने चर्चित स्वच्छता पेट्रोलिंग के स्टाफ को विवाद के बाद फिर वापस रखने और गोकुल धाम में डेयरी की जगह सर्विसिंग सेंटर खुलने के मामले में हड़काया। तो लोककर्म विभाग के चेयरमेन बन्धु मौर्य ने बिना जानकारी के निर्माण कार्य पर इंजीनियरों की क्लास ली। बैठक में मोपका चौक के चर्चित काम्प्लेक्स का मुद्दे पर भी बहस हुई।
निगम के दृष्टि सभा कक्ष में मंगलवार को बैठक शुरू होते ही महापौर पूजा विधानी ने उपायुक्त और जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप से जवाब तलब किया कि आपने वसूली कांड के बाद भी चर्चित स्वछत्ता पेट्रोलिंग के कर्मचारियों को कैसे और किसके आदेश पर वापस रख लिया। आप कौन होते है इन्हें क्लीनचिट देने वाले, क्या यह आपके रिश्तेदार है। साथ ही
महापौर ने चर्चित वसूलिकाण्ड में आरोपी स्टाफ को तत्काल हटाकर कुत्ता पकड़ने के अभियान में लगाने और स्वछत्ता पेट्रोलिंग में दूसरे और बेहतर स्टाफ रखने दूसर हिदायत दी। वहीं गोकुल नगर को लेकर भी महापौर ने अधिकारियों की क्लास ली। यहां हितग्राहियों के लिए डेयरी खोलने दी गई जमीन पर सर्विसिंग सेंटर खोल दिया गया है। महापौर ने पूछा कि डेयरी के नाम पर दुकानें कैसे चल रही है। महापौर चेतावनी दी कि यह सब नई चलेगा अपना हिसाब किताब ठीक करिए मनमानी नही चलेगी। इसी दौरान एक महिला एमआईसी
सदस्य ने भी जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप पर जनप्रतिनिधियों से अच्छा व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें आवारा मवेशियों को लेकर फोन किया था तो उन्होंने उनकी बात नहीं सुनी गई और मोबाइल बन्द कर दिया गया।
रिकार्ड तैयार रखने कहा
महापौर ने गोकुल नगर का सर्वे कराकर बकाया और अब तक वसूल की गई राशि का रिकॉर्ड तैयार रखने की बात कही। साथ ही सरकंडा नूतन चौक के व्यवसायिक परिसर को लेकर भी जवाब तलब किया गया कि अभी तक कितनी दुकानें आबंटित की जा चुकि है और कितनी बाकी है। वही एमआईसी सदस्य तिलकराम साहू ने मोपका चौक के चर्चित व्यवसायिक काम्प्लेक्स का मामला उठाया जिसे निगम प्रशासन ने खाली कराकर अपने आधिपत्य में लेना लिखवाया है। इसके साथ ही 60 सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की आपूर्ति के लिए जनवरी 2026 तक अतिरिक्त समयावृद्धि का प्रस्ताव रखा गया। इस पर लगभग 8.85 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
सीवरेज के लिए ठेकेदार को चौथी बार एक्सटेंशन
बैठक में भूमिगत सीवरेज परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सफाई कर्मियों की आपूर्ति, प्लेसमेंट कर्मचारियों की समयावृद्धि और स्वामी आत्मानंद कॉलेज के लिए भूमि आवंटन समेत कुल 7 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में भूमिगत सीवरेज परियोजना के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए मार्स प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सर्विसेस प्रा.लि. अहमदाबाद को चौथी बार समयावृद्धि देने का प्रस्ताव रखा गया। मई 2026 से सितंबर 2026 तक 4 माह की अवधि के लिए लगभग 9.58 लाख रुपए अतिरिक्त व्यय की स्वीकृति प्रस्तावित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पंप हाउस, मिट्टी टीला, तालापारा, मिनीमाता, अमेरी और परसदा क्षेत्र में किफायती आवास निर्माण से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी गई।
स्वामी आत्मानंद कॉलेज के लिए 5 एकड़ जमीन
बैठक में इसके साथ ही स्वामी आत्मानन्द कॉलेज के लिए कलेक्टर से 5 एकड़ जमीन की मांग पर चर्चा की गई। एमआईसी में ग्राम घुरू स्थित निगम की भूमि में से 5 एकड़ जमीन स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय को भवन, छात्रावास और खेल मैदान निर्माण के लिए आवंटित करने संबंधी अनापत्ति प्रस्ताव भी रखा गया। इसके बदले निगम को समतुल्य भूमि देने की शर्त रखी गई है। बैठक के अंत में एमआईसी की कार्यवाही की पुष्टि संबंधी प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। फिलहाल यह कालेज पुराने हाईकोर्ट परिसर में संचालित हो रहा है।
