मैग्नेटो मॉल विवाद मामले में नया मोड़, साहू समाज ने आरोपी रॉकी नरवाल की जमानत का किया विरोध


रायपुर। राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कथित मीडिया कर्मी सोमा देवांगन और छत्तीसगढ़ मिरर के मालिक रॉकी बॉक्सर द्वारा एक शिक्षिका परिवार के साथ बदसलूकी के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मामले को लेकर रायपुर के धरसींवा क्षेत्र स्थित सारागांव में साहू समाज खुलकर सामने आया है और आरोपी रॉकी नरवाल की जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया है।


समाज की ओर से न्यायालय में दायर आपत्ति पत्र में आरोपी को आदतन विवाद करने वाला व्यक्ति बताया गया है। समाज का कहना है कि यदि आरोपी को जमानत मिलती है तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है और प्रार्थी पक्ष सहित ग्रामीणों में भय का माहौल बन सकता है।


आपत्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी के जेल से बाहर आने पर गवाहों को प्रभावित करने, डराने-धमकाने अथवा दबाव बनाने की आशंका है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। समाज ने अदालत से मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जमानत याचिका खारिज करने की मांग की है।
मामले में महिलाओं ने भी आरोपी पर धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल न्यायालय में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जा रही हैं और जमानत याचिका पर फैसला आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!