बिजली गुल होने पर भड़के युवकों ने बिजली ऑफिस में घुसकर ड्राइवर को पीटा


बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित बिजली विभाग कार्यालय में मंगलवार देर रात बिजली कटौती को लेकर जमकर हंगामा हो गया। क्षेत्र में बिजली बंद होने से नाराज तीन युवकों ने कार्यालय पहुंचकर वहां मौजूद ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी। हमले में ड्राइवर को गर्दन और पीठ में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी विशाल मिश्रा बिजली विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 मई की रात करीब 3:45 बजे वह कार्यालय में आराम कर रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक CG 10 CC 8848 में सवार होकर तीन युवक कार्यालय पहुंचे। युवकों का आरोप था कि उनके इलाके की बिजली बंद है और विभागीय फोन पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
बताया गया कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने विशाल मिश्रा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों युवकों ने बेल्ट और मुक्कों से उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में विशाल के गर्दन और पीठ पर चोटें आई हैं। आरोप है कि युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान वहां मौजूद कॉल ऑपरेटर मनीष यादव ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। घटना के बाद विशाल मिश्रा ने अपने ठेकेदार अनुराग तिवारी को सूचना दी और सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात कार सवार तीन युवकों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!