
बिलासपुर। शहर में 45 लाख रुपए कीमत की चांदी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित सराफा कारोारी के लिए मंगाई गई 18 किलो चांदी का पार्सल रास्ते में गिर गया, जिसे कबाड़ दुकान संचालक ने अपने कब्जे में लेकर छिपा दिया। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने 17.6 किलो चांदी बरामद कर ली है। वहीं करीब 2400 ग्राम चांदी गायब मिली है। पुलिस फरार कबाड़ी की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के संचालक ने राजकोट से 28 किलो चांदी की ज्वेलरी मंगाई थी। चांदी दो अलग-अलग पार्सल में लॉजिस्टिक के जरिए रायपुर भेजी गई थी। वहां से वीआईपी कुरियर कंपनी के माध्यम से दोनों पार्सल बिलासपुर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल की सुबह कुरियर ब्वॉय दोनों पार्सल लेकर डिलीवरी के लिए निकला था। इस दौरान रास्ते में 18 किलो चांदी वाला एक पार्सल गिर गया। दुकानदार को केवल 10 किलो वाला पार्सल ही मिला। इसके बाद सराफा कारोारी ने कोतवाली थाने में 18 किलो चांदी का पार्सल गायब होने की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस पूछताछ में कुरियर कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि पार्सल सत्या शोरूम से लारडीकर हॉस्पिटल के बीच कहीं गिरा था। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला।
बाद में सराफा कारोारी ने स्वयं आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। इसी दौरान राजीव प्लाजा स्थित एक कपड़े की दुकान के एडवांस सीसीटीवी कैमरे में पार्सल छोटू पांडेय की कबाड़ दुकान के सामने गिरता हुआ दिखाई दिया। खास बात यह रही कि कैमरा करीब 300 मीटर दूर होने के बावजूद फुटेज काफी स्पष्ट था।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने कबाड़ दुकान में पूछताछ की। जांच के दौरान दुकान में रखी शीशी-बोतलों और कबाड़ के बीच छिपाकर रखा गया पार्सल बरामद कर लिया गया। हालांकि पार्सल खोलने पर उसमें से करीब 2400 ग्राम चांदी गायब मिली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कबाड़ दुकान में काम करने वाले लड़कों ने सड़क पर गिरा पार्सल उठाकर दुकान मालिक को सौंप दिया था। इसके बाद दुकान संचालक ने पार्सल छिपा दिया और कथित रूप से उसमें से कुछ चांदी निकालकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी कबाड़ी की तलाश कर रही है तथा गायब चांदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
