तालाब में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम


बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के ग्राम सेलर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर निवासी अजय शर्मा की दो वर्षीय बेटी वंदना सोमवार शाम करीब 5 बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान परिवार के सदस्य घरेलू कामकाज में व्यस्त हो गए। खेलते-खेलते मासूम वंदना घर के पास स्थित तालाब की ओर पहुंच गई।
काफी देर तक बच्ची के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीण भी तलाश में जुट गए। इसी दौरान पड़ोसी दीपक कुंभकार की नजर तालाब की पचरी के पास तैर रही एक छोटी चप्पल पर पड़ी। आशंका होने पर ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में छलांग लगाई और बच्ची को बाहर निकाला।
परिजन और ग्रामीण तत्काल बच्ची को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले अजय शर्मा की बड़ी बेटी की भी असमय मौत हो गई थी। परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब छोटी बेटी वंदना की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!