
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर उपचुनाव को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में टिकट को लेकर अंदरखाने खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस जहां 16 मई तक अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करने की तैयारी में है, वहीं भाजपा ने नामांकन के अंतिम दिन 18 मई को उम्मीदवार घोषित करने का संकेत दिया है। दोनों दलों के नेता अपने-अपने समर्थकों के लिए लॉबिंग में जुट गए हैं।
इस उपचुनाव में सबसे ज्यादा दबाव भाजपा पर माना जा रहा है। नगर निगम में भाजपा की सत्ता होने के बावजूद वार्ड क्रमांक 29 अब तक कांग्रेस का अभेद्य गढ़ रहा है। ऐसे में भाजपा संगठन इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी ने हाईप्रोफाइल कोर ग्रुप बनाया है, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री Tokhan Sahu, उप मुख्यमंत्री Arun Sao, तीन विधायक, जिलाध्यक्ष और महामंत्री शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार भाजपा इस बार ओबीसी कार्ड खेलने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं शहर विधायक Amar Agrawal की पसंद को टिकट वितरण में निर्णायक माना जा रहा है। भाजपा संगठन वार्ड की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जीताऊ प्रत्याशी तलाशने में जुटा है।
इधर कांग्रेस में भी टिकट को लेकर हलचल कम नहीं है। पार्टी इस सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारने पर गंभीर मंथन कर रही है। प्रत्याशी चयन के लिए बनाई गई 11 सदस्यीय कमेटी में पूर्व विधायक Shailesh Pandey, पूर्व महापौर Rajesh Pandey, शेख नजीरुद्दीन और प्रमोद नायक जैसे नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है और परंपरागत वोट बैंक को साधने की रणनीति पर काम कर रही है।
दरअसल, वर्ष 1984 में नगर निगम गठन के बाद से यह वार्ड लगातार कांग्रेस के कब्जे में रहा है। पूर्व पार्षद शेख असलम ने लगातार दो बार भाजपा प्रत्याशियों को हराया था। उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है, जिसके कारण उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा सत्ता और संगठन की ताकत के सहारे इस गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी परंपरागत पकड़ बचाने की लड़ाई मान रही है।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि प्रत्याशी चयन के लिए कोर ग्रुप बनाया गया है और जनता की पसंद को ध्यान में रखकर उम्मीदवार तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन 18 मई को प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि पार्टी 16 मई को उम्मीदवार की घोषणा करेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी चयन के लिए बनाई गई कमेटी लगातार रायशुमारी कर रही है और जीताऊ उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
