

बिलासपुर। शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नुकीली वस्तु से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को प्रार्थी अमन चौहान पिता संतोष चौहान, उम्र 29 वर्ष, निवासी बापू नगर मरहीं माता मंदिर के पास, तोरवा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 10 बजे आरोपी प्रियांशु बक्सेल पिता विश्वास बक्सेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी न्यू लोको पायलट कॉलोनी नया पारा सिरगिट्टी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने प्रार्थी पर नुकीली वस्तु से हमला कर मारपीट की और मौके से फरार हो गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना तारबाहर, थाना सिरगिट्टी एवं ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने देर रात आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन भागते समय गिरने से उसके पैर और घुटने में चोट लग गई, जिससे वह चलने में असमर्थ हो गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और व्हीलचेयर की सहायता से अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी थाना तारबाहर क्षेत्र में शेख समीर पर खुदीराम बोस चौक के आगे मसीह टेंट हाउस के पास नुकीली वस्तु से हमला कर फरार हो चुका है। इसके अलावा थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में उसने अपने जीजा के साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इन दोनों मामलों में थाना तारबाहर और थाना सिरगिट्टी में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक एवं आदतन बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
