
शशि मिश्रा

अकलतरा पुलिस ने मां के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी मां के साथ दुर्व्यवहार किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना थाना के पास रहने वाली मीना बाई बांधेकर ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उनका बेटा अमन बांधेकर शराब के नशे में घर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपी गुस्से में आ गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने मारपीट भी की।
मामले की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत धारा 119(1) एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन बांधेकर (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13, पुराना थाना के पास अकलतरा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
