

बिलासपुर। शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डीपूपारा तालाब के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिकेश साहू (24 वर्ष), निवासी डीपूपारा, थाना तारबाहर, बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, प्रधान आरक्षक जय सिंह ध्रुवे, आरक्षक राजेश श्रीवास एवं नुरूल कादिर की सराहनीय भूमिका रही।
