

बिलासपुर। जिले में चाकूबाजी, असामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक कुल 513 व्यक्तियों एवं प्रकरणों पर वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट, प्रतिबंधात्मक धाराओं और चाकूबाजी से जुड़े मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कई लोगों को जेल भेजा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर के थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, भय का माहौल बनाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर नियंत्रण करना है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र में धारा 151 के तहत 55, धारा 107/116 के तहत 76, आर्म्स एक्ट के 11, धारा 128 के 9 तथा धारा 129 के 8 मामलों में कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली में धारा 151 के 21, धारा 107/116 के 93 और आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी तरह थाना तोरवा क्षेत्र में धारा 151 के 11, आर्म्स एक्ट के 3 तथा चाकूबाजी के 2 मामले सामने आए। थाना सरकंडा में धारा 151 के 55, धारा 107/116 के 130 और आर्म्स एक्ट के 15 मामलों में कार्रवाई की गई।
थाना कोनी में धारा 151 के 1 मामले में कार्रवाई की गई, जबकि थाना चकरभाठा में धारा 151 के 13 और आर्म्स एक्ट के 1 प्रकरण दर्ज हुए। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में धारा 151 के 3 तथा आर्म्स एक्ट के 4 मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय और अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
