

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के जिला पदाधिकारियों एवं मोर्चा के जिलाध्यक्षों की बैठक भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में संगठन को सुदृढ़ बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उस पर अमल करने के संबंध में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल स्तर की बैठक आयोजित की जायेगी। इस बैठक में मंडल में निवासरत् बूथ स्तर से लेकर मंडल व राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रत्येक माह के दूसरे सप्ताह में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। इसी प्रकार माह के तीसरे सप्ताह में शक्ति केन्द्रों में बैठक आयोजित की जायेगी और माह के चैथे सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात प्रत्येक बूथ में सुनी जायेगी तत्पश्चात बूथ स्तरीय बैठक आयोजित कर बूथ स्तरीय समस्याओं एवं संगठनात्मक मुद्दो पर चर्चा की जायेगी।

बैठक में जिले में 25 एवं 26 मई को जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया है। इसकी जानकारी उपस्थित पदाधिकारियों को दी गई। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के संबंध में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। दीपक सिंह ठाकुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अन्य केन्द्रीय मंत्रियों के उपस्थित होने की संभावना है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, गुलशन ऋषि, अजीत सिंह भोगल, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, पेंगन वर्मा, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, गायत्री दुबे, के.के शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय, देवेश खत्री, वैभव गुप्ता, घनश्याम कौशिक, दिनेश राजपूत, मो.हनीफ, श्याम सिंह ध्रुव सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
