

श्री गोपाल कामधेनु गौसेवा धाम द्वारा भीषण गर्मी के बीच “हर घर प्याऊ हो” अभियान चलाकर मानव सेवा के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी जल संरक्षण और जल सेवा का संदेश दिया गया। संस्था पिछले 23 वर्षों से गौमाता, पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए जल पात्र, गौरैया के घोंसले, सिकोरे तथा दाना वितरण का कार्य कर रही है।

संस्था के गौ सेवक विपुल शर्मा ने बताया कि गौसेवा धाम की इस पहल से प्रेरित होकर अब छत्तीसगढ़ की कई सामाजिक संस्थाएं भी गर्मी के मौसम में जीव-जंतुओं और पशु-पक्षियों के लिए जल पात्र रखने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज शहरों और गलियों में जगह-जगह पानी के पात्र दिखाई देना समाज में बढ़ती संवेदनशीलता का प्रतीक है।

संस्था ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक घर के सामने एक प्याऊ होना चाहिए, ताकि कोई भी जीव प्यासा न रहे। साथ ही घरों के बाहर रखे जल पात्रों की नियमित सफाई कर प्रतिदिन स्वच्छ पानी भरने की भी अपील की गई।
गौ सेवक गोपाल कृष्ण ने बताया कि बिलासपुर गौसेवा धाम के तत्वावधान में इस वर्ष भी 12 मई 2026 को निःशुल्क जल पात्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 पानी के पात्र, 100 सिकोरे और गौरैया के घोंसलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही सिम्स अस्पताल रोड पर मरीजों और परिजनों के लिए पानी के घड़े भी उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राम अवतार अग्रवाल, डॉ. श्रीकांत गिरी, अजीत मिश्रा, डॉ. मनोज चंद्राकर, राजेश चौबे, प्रिंस वर्मा तथा विक्रम सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राम अवतार अग्रवाल ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि “हर घर प्याऊ” जैसी मुहिम समाज को जोड़ने और जीवों के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य कर रही है। वहीं प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि बिलासपुर गौसेवा धाम बीमार और घायल गौवंश की सेवा के लिए समर्पित संस्था है और गर्मी के मौसम में जल सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
कार्यक्रम में शत्रुघ्न यादव, आशीष त्रिपाठी, शिवांश पांडेय, शुभम मिश्रा, आशीष यादव, दिनेश, वैदिक तिवारी, देव कुमार, विक्रम सिंह, भावेश साहू, राजेश कुमार, विशु साहू, रवि पटेल, अनमोल और गौतम सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे। सभी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जल पात्र स्थापित कर लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
