
बिलासपुर। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में आईजी ऑफिस में पदस्थ एक एसआई के सूने क्वार्टर में चोरी की नीयत से घुसे युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी दूसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसके कमर, हाथ और पैर में चोट आई। घायल होने के कारण वह भाग नहीं सका और पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, आईजी ऑफिस में पदस्थ एसआई शिव आदित्य (38) पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर नंबर-71 में रहते हैं। 9 मई की रात उनके पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है और अंदर कोई संदिग्ध युवक मौजूद है। सूचना मिलते ही एसआई ने कंट्रोल रूम को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी छत पर चढ़ गया और बचने के प्रयास में दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। वह नीचे बने टीन शेड पर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में वह भाग नहीं पाया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान भारती नगर, सिरगिट्टी निवासी रवि बंजारे (26) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का नगद रकम और पीतल की मूर्ति बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
