युवती को धमकी देने के बाद रात में स्कूटी में लगाई आग, नकदी व दस्तावेज जलकर खाक, थाने के सामने चापड़ लहराने वाले गिरफ्तार


बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड में एक युवती को धमकी देने के बाद उसकी स्कूटी में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में स्कूटी के साथ डिक्की में रखे 5 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता प्रियंका कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि 10 मई की दोपहर करीब 2 बजे से शाम 5 बजे तक सागर ठाकुर नाम का युवक उसके घर के आसपास घूमकर गाली-गलौज करता रहा। आरोपी ने उसे जान से मारने और रात में घर में आग लगाने की धमकी भी दी। उस समय युवती घर में अकेली थी। आरोप है कि युवक ने उसके साथ हाथापाई करने की भी कोशिश की।
परिजनों ने शुरुआत में धमकी को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन 11 मई की रात आरोपी ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी क्रमांक सीजी 10 एडी 5310 में आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन और उसमें रखे दस्तावेज व नकदी जल चुके थे।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी सागर ठाकुर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


थाने के सामने चाकू और चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार


वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर चाकू और चापड़ लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन के पास डांस कार्यक्रम के दौरान पैर टकराने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान तारबाहर निवासी हर्ष खांडे (18) ने धारदार चाकू निकालकर लोगों को डराना शुरू कर दिया। पुलिस टीम को मौके पर आता देख आरोपी भाग निकला, लेकिन पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चाकू बरामद किया गया है।
इसी तरह मगरपारा चौक के पास मरीमाई तालापारा निवासी अब्दुल अजीम खान (18) हाथ में चापड़नुमा हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया।
सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!