
शशि मिश्रा
Janjgir-Champa जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला कर उसकी उंगली दांत से काट दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम डुड़गा निवासी अमित कुमार यादव (30) मजदूरी करने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रानीसराय गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे गांव लौटने के बाद वह अपनी दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि रवि यादव ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट के दौरान अमित यादव के दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे उंगली अलग हो गई।
घटना के बाद घायल युवक ने थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 118(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक Nivedita Pal के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Umesh Kumar Kashyap के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक Sawan Kumar Sarathi ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि यादव (35) निवासी डुड़गा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
