कलेक्टोरेट का बाबू और ASI रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की दो बड़ी कार्रवाई


बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रविवार को बिलासपुर और सक्ती जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इनमें बिलासपुर कलेक्टोरेट का एक बाबू और सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ एक ASI शामिल हैं। दोनों मामलों में आरोपी अधिकारियों ने कार्रवाई से राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
कलेक्टोरेट का बाबू 15 हजार रुपए लेते पकड़ा गया
बिलासपुर कलेक्टोरेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को ACB ने 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
जानकारी के अनुसार कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। आरोप है कि बाबू विजय पांडेय ने अधिक जुर्माना लगने का डर दिखाते हुए कहा कि मामले में एक लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। उसने मामला कम राशि में निपटाने के एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।
देवेंद्र कश्यप ने इसकी शिकायत ACB से की। जांच और सत्यापन में पता चला कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपए की मांग कर रहा था। इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
रविवार को विजय पांडेय ने शिकायतकर्ता को एडीएम कार्यालय बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उसे 15 हजार रुपए दिए, बाहर मौजूद ACB टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
ACB अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी रिश्वत लेने की शिकायतें मिल चुकी थीं। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत कार्रवाई की गई है।
ASI भी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
इधर, ACB बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को भी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी।
जांच में पता चला कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद ACB ने दूसरी किश्त के लिए ट्रैप बिछाया।
रविवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा बुलाया। जैसे ही ASI ने 20 हजार रुपए की दूसरी किश्त ली, ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी जब्त कर ली।
दोनों मामलों में ACB आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!