पुरानी रंजिश में मारपीट और चाकूबाजी, सरकंडा पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार


बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी प्रियांशु शुक्ला ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मई 2026 की सुबह वह अपने साथियों के साथ नूतन चौक स्थित अपना मार्ट के पास खड़ा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजा यादव अपने साथियों लिल्ली नाई और बदकू यादव के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिसमें प्रार्थी के साथी युवराज पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 617/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी राजा यादव (21 वर्ष), निवासी नूतन चौक अटल आवास, सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!