
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही सोमवार 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस सीट पर 1 जून को मतदान कराया जाएगा, जबकि 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 18 मई तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 21 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। वार्ड की यह सीट पूर्व पार्षद शेख असलम के निधन के बाद रिक्त हुई थी।
चुनाव की घोषणा के साथ ही कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन के लिए 11 सदस्यीय समिति गठित कर दी है, जबकि भाजपा में भी जल्द चयन समिति बनाए जाने की चर्चा है।
कांग्रेस की ओर से संभावित दावेदारों में मोहम्मद आजम, अब्दुल तस्लीम और जयपाल निर्मलकर के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। वहीं भाजपा से राजेश रजक, वी. मधुसूदन राव और संध्या चौधरी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ अन्य नामों की भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने प्रत्याशी चयन समिति का गठन करते हुए तीन दिनों के भीतर प्रत्याशी का नाम अथवा पैनल सौंपने के निर्देश दिए हैं। समिति में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, पूर्व मेयर रामशरण यादव, पूर्व सांसद इंग्रीड मैकलाउड, पूर्व मेयर राजेश पांडेय, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, पूर्व मेयर प्रत्याशी प्रमोद नायक, पूर्व निगम सभापति शेख नजीरुद्दीन, पूर्व शहर अध्यक्ष रविंद्र सिंह, नरेंद्र बोलर, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप और ब्लॉक अध्यक्ष तजम्मुल हक को शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद तैयार मतदाता सूची के आधार पर प्रदेश में पहली बार नगरीय निकायों के 6 अध्यक्ष, 75 पार्षद, 5 जनपद सदस्य, 73 सरपंच और 965 पंच पदों के लिए भी 1 जून को मतदान कराया जाएगा।
